गाजीपुर
एसएनएस आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में वृहद वृक्षारोपण, औषधीय उपवन में लगाए गए छायादार व फलदार पौधे
पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प, विद्यार्थियों से हर वर्ष एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने की अपील
प्रबंध निदेशक डॉ. वेद प्रकाश पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम, प्राचार्य डॉ. ए.के. सिंह सहित शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं ने किया पौधारोपण
गाजीपुर। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से एसएनएस आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, भवरहा, पांडेयपुर राधे (गाजीपुर) में सोमवार को वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कॉलेज परिसर स्थित औषधीय उपवन में विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंध निदेशक डॉ. वेद प्रकाश पाण्डेय के मार्गदर्शन में हुआ। इस दौरान प्राचार्य डॉ. ए.के. सिंह, प्राध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
प्राचार्य डॉ. ए.के. सिंह ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन का आधार नहीं, बल्कि मानव जीवन की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसके वृक्ष बनने तक नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है तथा प्रत्येक नागरिक को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल तथा कॉलेज परिसर को स्वच्छ और हरित बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। आयोजन का समापन पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता का संदेश देते हुए किया गया।
