Connect with us

वाराणसी

आवारा कुत्तों के विवाद में क्रॉस एफआईआर

Published

on

Loading...
Loading...

दोनों पक्षों के आरोपों की जांच शुरू

कुत्तों पर एयरगन से फायरिंग और गंदगी फैलाने-धमकी देने के आरोप, सीसीटीवी फुटेज की जांच करेगी पुलिस

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र की जगन्नाथपुरी कॉलोनी में आवारा कुत्तों को लेकर विवाद गहरा गया है। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एक पक्ष ने कुत्तों पर एयरगन से फायर करने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने कुत्तों से गंदगी फैलने, लोगों पर हमला करने और धमकी देने की शिकायत की है।

जगन्नाथपुरी निवासी आकांक्षा सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनके पड़ोसी, सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक अविनाश चंद्र सिन्हा ने 18 और 19 अगस्त को मोहल्ले के दो कुत्तों पर एयरगन से फायर किया। आरोप है कि इससे दोनों कुत्ते गंभीर रूप से घायल हो गए। आकांक्षा ने अपने आरोपों के समर्थन में सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं और पशु क्रूरता अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।

वहीं दूसरे पक्ष से सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक अविनाश सिन्हा ने आरोप लगाया कि आकांक्षा ने बिना पंजीकरण पांच-छह कुत्ते पाल रखे हैं। उनके अनुसार ये कुत्ते कॉलोनी में गंदगी फैलाने के साथ लोगों पर हमला भी करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 18 अगस्त की रात कुत्तों को भगाने को लेकर आकांक्षा और उनके पति ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

Advertisement

शिवपुर थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज समेत उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद कॉलोनी में तनाव की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से आवारा कुत्तों के समुचित प्रबंधन और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page