राज्य-राजधानी
आरजीकर पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ के घर के पास बमबाजी, कई भाजपा कार्यकर्ता घायल
परगना। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी (Panihati) इलाके में आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बलात्कार-हत्याकांड की पीड़िता की मां और नवनिर्वाचित भाजपा विधायक रत्ना देबनाथ के घर के पास देर रात बमबाजी की घटना सामने आई है। पानीहाटी में हुए देसी बम हमले में बीजेपी के पांच समर्थक घायल हो गए हैं।
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, यह विस्फोट सेंट जेवियर्स इंस्टीट्यूशन के पास उस समय हुआ, जब बीजेपी कार्यकर्ताओं का एक समूह वार्ड 2 स्थित दत्ता रोड पर स्थानीय लोगों से बातचीत कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोटरसाइकिलों पर पहुंचे कुछ अज्ञात हमलावरों ने समूह को निशाना बनाते हुए देसी बम फेंके और इसके बाद मौके से फरार हो गए।

गुरुवार को पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “पानीहाटी में सेंट जेवियर्स इंस्टीट्यूशन के पास बम धमाका हुआ। अज्ञात हमलावरों ने बीजेपी कार्यकर्ताओं के एक समूह पर देसी बम फेंके, जिससे कम से कम पांच लोग घायल हो गए।”
घायलों को उपचार के लिए कोलकाता के RG कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। खास बात यह है कि जिस स्थान पर धमाका हुआ, वह हाल ही में निर्वाचित बीजेपी विधायक रत्ना देबनाथ (Ratna Debnath) के घर के काफी नजदीक है। रत्ना देबनाथ, आरजीकर अस्पताल रेप पीड़िता की मां हैं।
यह बम हमला बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की टारगेट किलिंग के कुछ घंटों बाद हुआ। बुधवार को इससे पहले मोटरसाइकिल सवार बंदूकधारियों ने चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी थी। BJP का आरोप है कि इस हत्या के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) की ओर से प्रायोजित बदले की हिंसा की घटनाएं शुरू हुईं।
बीजेपी ने आरोप लगाया कि पानीहाटी हमले के पीछे सत्तारूढ़ दल का समर्थन प्राप्त लोगों का हाथ था। हालांकि, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी ने घटना में किसी भी प्रकार की संलिप्तता से इनकार किया है।
