Connect with us

गोरखपुर

अस्पताल में मरीज की मौत के बाद शव रखकर प्रदर्शन

Published

on

Loading...
Loading...

परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप, कार्रवाई की मांग पर अस्पताल के बाहर किया हंगामा

गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में मरीज की मौत के बाद मंगलवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। हंगामे की सूचना पर रामगढ़ताल पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया।

चिलुआताल थाना क्षेत्र के सेमरा निवासी 35 वर्षीय राकेश यादव का शाही ग्लोबल अस्पताल में अपेंडिक्स का ऑपरेशन हुआ था। मृतक के जीजा जनार्दन यादव के अनुसार राकेश को चार अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि छह अगस्त को उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। उसी रात तेज दर्द होने पर परिजन उन्हें दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे।

परिजनों का आरोप है कि इस दौरान इलाज में लापरवाही बरती गई और डॉक्टर मरीज की स्थिति को समझ नहीं सके। 10 अगस्त को जांच के दौरान उनकी हालत और बिगड़ गई। रात करीब आठ बजे राकेश को लखनऊ ले जाने के लिए एंबुलेंस में रखा गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

मौत के बाद परिजन रात में शव लेकर अस्पताल के पास बैठ गए। मंगलवार सुबह गांव से पहुंचे लोगों ने अस्पताल के सामने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया।

Advertisement

राकेश की शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी। उनके एक बेटा और एक बेटी हैं। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। घटना के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page