मिर्ज़ापुर
प्रोजेक्ट मिलन: मिर्जापुर पुलिस ने पांच बिछड़े दंपतियों का कराया पुनर्मिलन
मिर्जापुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे प्रोजेक्ट मिलन के तहत महिला परिवार परामर्श केंद्र, मिर्जापुर को बड़ी सफलता मिली है। रविवार को केंद्र की काउंसिलिंग के माध्यम से जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से संबंधित 5 बिछड़े दंपतियों को पुनः साथ रहने के लिए राजी कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, ये दंपत्ति विभिन्न पारिवारिक कारणों के चलते अलग-अलग रह रहे थे। परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने सकारात्मक संवाद और काउंसिलिंग के जरिए इन्हें पुनः एकजुट किया।
प्रोजेक्ट मिलन काउंसिलिंग के दौरान परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी महिला उपनिरीक्षक रीता यादव के नेतृत्व में महिला मुख्य आरक्षी ममता तिवारी, सावित्री यादव, महिला आरक्षी कविता पाल और सपना सहित सदस्यगण निर्मला राय मौजूद रहीं।
यह पहल परिवारों में टूटन को रोकने और समाज में सुलह-सफाई की भावना को बढ़ावा देने की दिशा में मिर्जापुर पुलिस का महत्वपूर्ण प्रयास है। पुलिस के इस प्रयास की सराहना क्षेत्र में व्यापक स्तर पर की जा रही है।
