मिर्ज़ापुर
जिलाधिकारी ने जन समस्याओं के निस्तारण पर दिया जोर, जरूरतमंदों में कंबल वितरित

मीरजापुर। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कलेक्ट्रेट में फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन शिकायतों का शीघ्र और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावित व्यक्ति की संतुष्टि के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों को सुनने के साथ ही तत्काल समाधान के उपाय करें, ताकि पीड़ितों को त्वरित न्याय मिल सके।
इस दौरान, जिलाधिकारी ने ठंड से बचाव के लिए जरूरतमंद फरियादियों को कंबल भी वितरित किए। इनमें दुर्गावती देवी, लक्ष्मी देवी, मंजू देवी, पार्वती देवी, अमुआ देवी, निरहू, और गाटर जैसे जरूरतमंद शामिल थे। कंबल वितरण का यह कदम ठंड के मौसम में गरीब और वंचित वर्ग को राहत देने के उद्देश्य से उठाया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने लोगों को विश्वास दिलाया कि जिला प्रशासन जनहित के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।