वाराणसी
प्रीति सिंह बनीं भाजपा मंडल अध्यक्ष, अजय प्रताप बने जिला प्रतिनिधि
रामनगर (वाराणसी)। भाजपा संगठन ने रामनगर मंडल के नए अध्यक्ष और जिला प्रतिनिधि के नाम की घोषणा कर दी है। महानगर कार्यसमिति सदस्य प्रीति सिंह को रामनगर मंडल का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि पूर्व मंडल अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह को जिला प्रतिनिधि की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंडल में महिलाओं की भागीदारी को लेकर यह निर्णय भाजपा के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है।
पिछले एक माह से मंडल अध्यक्ष पद को लेकर चर्चाएं और गहमागहमी जारी थी। सोमवार को नेतृत्व ने नए मंडल अध्यक्ष के नाम पर अंतिम निर्णय सुनाया। लंबे समय बाद किसी महिला को मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले यह पद आशा गुप्ता के पास था, जो पूर्व में पालिका अध्यक्ष भी रह चुकी हैं।
मंडल अध्यक्ष पद की दौड़ में युवाओं में सक्रिय सृजन श्रीवास्तव का नाम भी प्रमुखता से चर्चा में था और उनका अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा था। हालांकि, रामनगर में निर्णय अक्सर कुछ प्रमुख नेताओं के खेमों के आधार पर ही तय होते हैं। ऐसे में एक बार फिर सृजन श्रीवास्तव इस पद से चूक गए।
महिला अध्यक्ष के चयन से भाजपा महिला कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। प्रीति सिंह की नियुक्ति पर नव-नियुक्त जिला प्रतिनिधि अजय प्रताप सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेंद्र शंकर पटेल और अशोक जायसवाल ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
