मिर्ज़ापुर
मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य पर कुलपति ने जतायी संतुष्टि
मड़िहान (मिर्जापुर)। देवरी कलां गांव में निर्माणाधीन मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय का निरीक्षण करने पहुंची कुलपति प्रो. शोभा गौड़ और उनकी टीम ने निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।
गुरुवार को भी कुलपति ने विश्वविद्यालय के परिसर में चल रहे चहारदीवारी और आवास निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही गुणवत्तापूर्ण सामग्री की सराहना की और इसे देश के युवाओं के भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
निरीक्षण के दौरान कुलपति ने कार्यदाई संस्था के परियोजना प्रबंधक को निर्माण कार्य में और अधिक तेजी लाने और उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री के अधिकतम उपयोग का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता देश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अहम है।
कुलपति ने जानकारी दी कि विश्वविद्यालय परिसर के चारों ओर दो किलोमीटर लंबी चहारदीवारी का निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिसमें से 200 मीटर का कार्य अभी शेष है। उन्होंने इसे जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
कुलपति ने परिसर में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए नींव की गहरी खुदाई और निर्माण स्थल पर तराई की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने निर्माण प्रक्रिया को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पूरा करने पर विशेष ध्यान देने की बात कही। निरीक्षण के दौरान कुलपति के साथ विश्वविद्यालय के अधिकारी और निर्माण कार्य से जुड़े प्रबंधन टीम के सदस्य भी मौजूद रहे।
