वाराणसी
काशी विश्वनाथ धाम: शिवभक्तों का उमड़ रहा सैलाब, विदेशों से भी पहुंच रहे श्रद्धालु
वाराणसी। काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ अब आम बात हो गई है। सप्ताहांत पर यहां सावन जैसी रौनक देखने को मिलती है। सुबह मंगला आरती से लेकर भोग आरती और शाम को सप्तर्षि आरती तक भक्तों की लंबी कतारें लगी रहती हैं।
पिछले साल के मुकाबले इस साल श्रद्धालुओं की संख्या में 49 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। खासकर शनिवार और रविवार को भक्तों की भारी भीड़ जुट रही है।
मंगला आरती के बाद से लेकर शयन आरती तक दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहता है। औसतन हर सप्ताहांत में दो लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
नवंबर के आंकड़ों के मुताबिक पिछले नौ शनिवार और रविवार को करीब 19 लाख श्रद्धालु काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। दिसंबर की शुरुआत में भी भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ।
एक दिसंबर को 1.75 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने दर्शन किए जबकि सात और आठ दिसंबर को यह संख्या 3.85 लाख तक पहुंच गई। काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद से अब तक यानी 13 दिसंबर 2021 से नवंबर 2024 तक करीब 19.36 करोड़ भक्त बाबा के दर्शन कर चुके हैं। एसडीएम शंभूशरण के अनुसार हर सप्ताहांत डेढ़ से दो लाख लोग यहां पहुंच रहे हैं।
धाम के पुनर्निर्माण के बाद से भक्तों की सुविधाओं में बढ़ोतरी हुई है जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
