वाराणसी
महिला से चैन छीनकर फरार हुआ नकाबपोश, संदेह में बावर्चियों की पिटाई
मिर्जामुराद (वाराणसी)। भिखारीपुर गांव में मांगलिक कार्यक्रम के दौरान सो रही एक महिला के गले से नकाबपोश बदमाश ने चैन छीन ली और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद घरवालों ने संदेह के आधार पर कार्यक्रम में बावर्ची का काम करने आए दो युवकों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फुलहा (मिर्जापुर) निवासी प्रभावती देवी, पत्नी बच्चा यादव, अपने रिश्तेदार रामशंकर यादव के घर भिखारीपुर में आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में आई थीं। रात को प्रभावती देवी आंगन में सो रही थीं। इसी दौरान एक नकाबपोश बदमाश ने उनके गले में पहनी सोने की चैन झपट ली और भाग निकला।
महिला के शोर मचाने से पहले ही बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद घरवालों ने कार्यक्रम में बावर्ची का काम कर रहे दो युवकों को पकड़ लिया और उन्हें घटना का आरोपी समझकर पीट दिया। घटना की सूचना मिलने पर खजूरी पुलिस चौकी पहुंची और मौके पर घंटों पंचायत चलती रही। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और बदमाश की तलाश जारी है।
