वाराणसी
सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में छात्रवृत्ति की शुरुआत करेंगे सीएम योगी
वाराणसी। सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के दीक्षांत हाल में 27 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संस्कृत विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्रों के लिए छात्रवृत्ति योजना का शुभारंभ करेंगे। यह पहली बार है जब 4203 मेधावी छात्रों के बैंक खातों में छात्रवृत्ति की राशि मुख्यमंत्री के एक क्लिक पर सीधे ट्रांसफर की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने जानकारी दी कि इस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विशेष रूप से संस्कृत शिक्षा से जुड़े छात्रों को लाभान्वित करेंगे।विश्वविद्यालय के कुल 61 संस्थानों के छात्र-छात्राओं को इस योजना के तहत धनराशि प्राप्त होगी, जिसे ऑनलाइन माध्यम से उनके खातों में ट्रांसफर किया जाएगा।

मुख्य कार्यक्रम का समय
कार्यक्रम 27 अक्टूबर को सुबह 11 बजे विश्वविद्यालय के दीक्षांत हाल में आयोजित होगा, जिसमें करीब 2000 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इसके लिए महाविद्यालयों के प्राचार्यों की एक कमेटी का गठन किया गया है, जो छात्रों की सूची बनाने और खातों को अपडेट कराने का कार्य देख रही है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री का यह कदम संस्कृत शिक्षा के उत्थान में एक महत्वपूर्ण योगदान साबित होगा, जिससे हजारों छात्रों को आर्थिक संबल मिलेगा।
