वाराणसी
काशी में गंगाजल की हालत में सुधार
वाराणसी। काशी में गंगा नदी का जल काफी स्वच्छ हो गया है। गंगाजल में घुलनशील ऑक्सीजन की मात्रा मानक के अनुरूप है, जो एक सकारात्मक संकेत है। यह जानकारी अतुल्य गंगा परिक्रमा की टीम ने शुक्रवार को अपने परीक्षणों के बाद दी। ऋषिकेश से गंगासागर तक की यात्रा पर निकले सेना के जवानों की एक विशेष टुकड़ी ने गंगाजल के नमूने एकत्र किए और गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाई।
शुक्रवार को लेफ्टिनेंट जनरल वीके भट्ट के नेतृत्व में अतुल्य गंगा परिक्रमा की टीम राजघाट पहुंची, जहाँ उन्होंने नमामि गंगे गंगा विचार मंच के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान में भाग लिया। नमामि गंगे के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि ने टीम का स्वागत करते हुए अभियान की उपलब्धियों और जनजागरण की दिशा में किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला।
इस अभियान में आरएसएस, नगर निगम, गंगा टास्क फोर्स और भाजपा के कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया।जनरल वीके भट्ट ने बताया कि पिछले चार वर्षों से गंगा से जल नमूने एकत्र किए जा रहे हैं और उन्हें लैब में परीक्षण के लिए भेजा जाता है।
इस प्रक्रिया में जल गुणवत्ता सूचकांक के आंकड़े जुटाए जाते हैं। टीम ने काशी में अपस्ट्रीम और डाउनस्ट्रीम से नमूने लिए, जिसमें पाया गया कि गंगाजल में घुलनशील ऑक्सीजन की मात्रा 6-12 मिलीग्राम प्रति लीटर है, जो संतोषजनक है।
