Connect with us

वाराणसी

काशी विश्वनाथ का दर्शन करने के बाद बोलीं नीता अंबानी – शादी के बाद अनंत और राधिका……

Published

on

Loading...
Loading...

काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट को दिया एक करोड़ 51 लाख का चेक और मां अन्नपूर्णा मंदिर को एक करोड़ का चेक

रिपोर्ट – शुभम कुमार सिंह

वाराणसी। रिलायंस ग्रुप की चेयरमैन नीता अंबानी ने सोमवार को अपने छोटे बेटे और बहू (अनंत-राधिका) की शादी का निमंत्रण पत्र ‘श्री काशी विश्वनाथ’ के चरणों में अर्पित किया और विधिवत दर्शन-पूजन करते हुए अपने बेटे बहू के वैवाहिक जीवन के शुभारंभ के लिए मंगल कामना की। नीता अंबानी ने गेट नंबर चार से कॉरिडोर में प्रवेश किया। काशी विश्वनाथ के मंदिर में प्रवेश से पहले उन्होंने स्वर्ण शिखर को प्रणाम किया। इसके बाद मंदिर के गर्भगृह में पहुंचकर उन्होंने काशी विश्वनाथ के चरणों में शादी का एक कार्ड मुकेश अंबानी की ओर से और दूसरा कार्ड राधिका मर्चेंट की ओर से अर्पित किया। मंदिर के अर्चक श्रीकांत मिश्र और डॉ. राजेश पाठक ने षोडशोपचार पूजन करवाया।

इस दौरान नीता अंबानी ने मंदिर ट्रस्ट को 1 करोड़ 51 लाख रुपये और मां अन्नपूर्णा मंदिर को 1 करोड़ रुपये का चेक मंडलायुक्त कौशलराज शर्मा के माध्यम से दान किया। दर्शन करने के बाद उन्होंने कॉरिडोर की भव्यता को निहारा। इसके बाद नीता अंबानी ने मां अन्नपूर्णा के दरबार में भी हाजिरी लगाई। उन्होंने मां का विधि-विधान से पूजन कर ध्यान लगाया। इसके साथ ही उन्होंने मां अन्नपूर्णा के चरणों में बेटे की शादी का निमंत्रण पत्र सौंपते हुए आशीर्वाद मांगा।

इसके बाद नीता अंबानी दशाश्वमेध घाट गंगा आरती देखने पहुंची जहां उन्होंने अनंत-राधिका के विवाह का एक-एक कार्ड मां गंगा को अर्पित किया। इस दौरान उनके साथ मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा भी रहे। इसके बाद नीता अंबानी ने गोदौलिया क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित चाट के दुकान से पालक चाट, दही बड़ा और टमाटर चाट का आनंद उठाया और स्वाद की खूब तारीफ भी की। इस दौरान उन्होंने दुकानदार से पूछा, “क्या वह शादी में भी टमाटर चाट बनाते हैं “? जिसका जवाब दुकानदार ने हां में दिया।

Advertisement

नीता अंबानी जब विश्वनाथ कॉरिडोर से दर्शन कर बाहर निकली तब मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि, “दर्शन करने के बाद बहुत ही अच्छा लग रहा है। हमारे हिंदू धर्म में कोई भी शुभ कार्य का शुभारंभ करने से पहले भगवान का आशीर्वाद लिया जाता है। श्री काशी विश्वनाथ को अनंत-राधिका के विवाह का कार्ड अर्पित किया है। शादी के बाद अगली बार काशी अनंत-राधिका के साथ आऊंगी।”

बता दें कि, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी और जाने माने उद्योगपति वीरेन मर्चेंट की बेटी राधिका मर्चेंट 12 जुलाई को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। अनंत और राधिका का शादी समारोह 3 दिन चलेगा। जो 12 जुलाई को शुरू होकर 14 जुलाई तक चलेगा। पहले दिन 12 जुलाई को शुभ विवाह होगा। 13 जुलाई को शुभ आशीर्वाद कार्यक्रम होगा और 14 जुलाई को रिसेप्शन रखा गया है। जिसमें देश-विदेश के वीआईपी शामिल होंगे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page