वाराणसी
काशी विश्वनाथ के दरबार पहुंची नीता अंबानी, गंगा आरती की निहारी छटा
अनंत-राधिका के विवाह का प्रथम निमंत्रण ‘श्री काशी विश्वनाथ’ को किया अर्पित
रिपोर्ट – शुभम कुमार सिंह
वाराणसी। भारत के मशहूर उद्योगपति मुकेश अंबानी की धर्मपत्नी व रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और अध्यक्ष नीता अंबानी सोमवार को धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी काशी पहुंची। उन्होंने ‘श्री काशी विश्वनाथ’ के धाम पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया और अपने छोटे बेटे और बहू (अनंत-राधिका) के विवाह का प्रथम निमंत्रण महादेव के चरणों में अर्पित करते हुए उनके लिए मंगल कामना की।

दर्शन करने के पश्चात नीता अंबानी, फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के साथ दशाश्वमेध घाट पर विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती देखने पहुंची। जहां उन्होंने आरती की छटा को विधिवत निहारा और घाट पर गुंजित संस्कृत के श्लोकों और धार्मिक गीतों पर मंत्रमुग्ध नजर आयी। इस दौरान नीता अंबानी ने कहा कि,”यह मेरा सौभाग्य है कि मैं गंगा आरती के दौरान यहां आयी हूं। यहां बहुत अच्छा लगता है… यहां बहुत ‘शक्ति’ है…”


वाराणसी के ‘लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा’ पर पहुंचते ही नीता अंबानी ने पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कहा कि, “वह काशी अपने बेटे अनंत और बहू राधिका के विवाह का प्रथम निमंत्रण ‘श्री काशी विश्वनाथ’ को देने आयी हैं।”
