वाराणसी
रेलवे ओवर ब्रिज पर आम लदी पिकअप पलटी, राहगीरों में लूटने की मची होड़
जाम में फंसे राहगीर हुए परेशान, हाईवे पर वाहनों की लगी लंबी कतार
वाराणसी। रोहनिया स्थानीय थाना क्षेत्र के मोहनसराय बैरवन स्थित रेलवे ओवर ब्रिज के हाईवे पर सोमवार को सुबह लगभग 6 बजे देवीगंज कड़ाधाम सिराथू से मुगलसराय जाते समय आम लदी माल वाहक पिकअप अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट जाने से शीतला धाम कडे निवासी ड्राइवर हैप्पी 25 वर्ष तथा साथ में व्यापारी अखिलेश घायल हो गये।

इस दौरान राजातालाब से अखरी जाने वाली हाईवे रोड पर जाम लगने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। घटना के दौरान रोड पर बिखरे कुछ आम को स्थानीय लोगों में लूटने की और होड़ मच गई जिसके वजह से कुछ समय तक अफ़रा-तफ़री का माहौल हो गया था।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे हाईवे पेट्रोलियम के कर्मचारियों ने घायल ड्राइवर का प्राथमिक उपचार किया तथा मोहनसराय चौकी के सिपाहियों ने स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर बिखरे आम को दूसरे गाड़ी पर लदवाया और हाईवे पेट्रोलियम की क्रेन से रोड पर पलटी पिकअप को उठाकर किनारे कर वाहनों का आवागमन सुचारू रूप से चालू कराया।
