वाराणसी
पीएम मोदी का आज काशी आगमन, कल पूर्वांचल में करेंगे चुनावी दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार की रात फिर काशी आएंगे। बाबतपुर एयरपोर्ट से वह बरेका जाएंगे और ऑफिसर्स गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन गुरुवार की सुबह वह भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसके बाद चुनावी सभा के लिए आजमगढ़, जौनपुर और भदोही रवाना हो जाएंगे।

बता दें कि, महाराष्ट्र में जनसभा और रोड-शो के बाद मुंबई हवाई अड्डे से विशेष विमान से वह वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर रात 10.30 बजे के बाद पहुंचेंगे। करीब 12 घंटे वह काशी में रात्रि प्रवास करेंगे। गुरुवार सुबह हेलीकॉप्टर से आजमगढ़ जनसभा को संबोधित करने जाएंगे। इसके बाद जौनपुर और भदोही में भी वह सभा करेंगे। सूत्रों के अनुसार, चुनाव प्रचार समाप्त होने से पहले जनसंपर्क और मतदाताओं से संवाद के लिए भी प्रधानमंत्री काशी आ सकते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी वाराणसी बुधवार रात में ही पहुंच जाएंगे। प्रधानमंत्री के आगमन के मद्देनजर मंगलवार को वाराणसी के बाबतपुर में स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर एसपीजी ने अधिकारियों के साथ सुरक्षा संबंधी बैठक की। पीएम मोदी सड़क मार्ग से ही BLW जाएंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री अगले दिन गुरुवार को मुख्यमंत्री के साथ बरेका हेलीपैड से आजमगढ़ के लिए उड़ान भरेंगे। वहां निजामाबाद तहसील के गंधुई गांव में उनकी सभा होगी।
इसके अलावा, जौनपुर के टीडी कॉलेज के मैदान में पीएम मोदी चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। तत्पश्चात वह भदोही के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।
