Connect with us

गाजीपुर

विजयादशमी पर नंदगंज में उमड़ा जनसैलाब, देर रात तक गुलजार रहा दशहरा मेला’

Published

on

Loading...
Loading...

(पुलिस की मुस्तैदी और बेहतर यातायात व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ मेला)
*नंदगंज (गाजीपुर)।* विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को नंदगंज बाजार में पूरब से पश्चिम शादियाबाद मोड़ से बरहपुर पारस गली तक करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में भव्य दशहरा मेले का आयोजन हुआ। सुबह से ही बाजार में विभिन्न प्रकार की दुकानें सजने लगी थीं। दोपहर करीब तीन बजे से नंदगंज सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों के आने का सिलसिला शुरू हुआ, जो रात नौ बजे रावण दहन के बाद भी लगातार जारी रहा। इस दौरान पूरे बाजार में उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा।
मेले में महिलाओं, बच्चों और परिवारों की भारी भीड़ उमड़ी। लोग पैदल, दोपहिया और चारपहिया वाहनों से मेला देखने पहुंचे। भीड़ को देखते हुए वाहनों को मेला क्षेत्र से बाहर निर्धारित स्थानों पर खड़ा कराया गया, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। वाहन पार्किंग स्थलों पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
*सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में मुस्तैद रही पुलिस*
मेले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नंदगंज थाने की पुलिस जगह-जगह मुस्तैद रही। थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा अपने सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। भीड़ बढ़ने पर पुलिस ने बाजार के बाहरी रास्तों पर चारपहिया वाहनों का प्रवेश रोक दिया और उन्हें वैकल्पिक मार्गों से बाहर निकलवाया। इससे मेला घूमने आए लोगों को काफी सहूलियत मिली। पुलिस की सतर्कता और बेहतर व्यवस्था की लोगों ने सराहना की।
*दुर्गा पंडालों में दर्शन-पूजन, दुकानों पर रही भारी भीड़*
दशहरा मेले के साथ ही बाजार में स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। दुर्गा पूजा समितियों की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। अस्पताल गेट स्थित संकट मोचन मंदिर पर पुजारी विशाल ने भी दर्शनार्थियों को प्रसाद बांटा।
मेले में चाट, गोलगप्पे (फुलकी) और पकौड़ी की दुकानों पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। वहीं, बच्चे अपने अभिभावकों के साथ खिलौनों की खरीदारी करते नजर आए। मेला घूमने के बाद लोगों ने मिठाइयों की भी जमकर खरीदारी की। मौसम अनुकूल रहने के कारण इस बार पिछले वर्षों की अपेक्षा अधिक भीड़ उमड़ी, जिससे मिठाई विक्रेताओं सहित अन्य दुकानदारों के चेहरे खिले रहे। विजयादशमी के उल्लास के बीच देर रात तक नंदगंज बाजार में मेले की रौनक बनी रही।
दशहरा मेला शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न होने पर थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने राहत की सांस ली तथा मेले के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Loading...
Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page