गोरखपुर
बहादुरपुर को बड़ी सौगात, मनोरमा नदी पर 15.56 करोड़ से बनेगा पुल
इटैली-सेमरा चीगन संपर्क मार्ग पर सेतु निर्माण को प्रशासनिक एवं वित्तीय मंजूरी, पहली किस्त के रूप में 7.78 करोड़ रुपये जारी
बहादुरपुर (बस्ती)। विकास क्षेत्र बहादुरपुर के लोगों को शासन ने बड़ी सौगात दी है। राज्य योजना के तहत इटैली-सेमरा चीगन संपर्क मार्ग पर मनोरमा नदी के ऊपर सेतु निर्माण को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। पुल के साथ पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्य भी कराए जाएंगे। परियोजना की मंजूरी की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव की ओर से लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता को जारी शासनादेश के अनुसार परियोजना की कुल लागत 15 करोड़ 56 लाख 40 हजार रुपये निर्धारित की गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में निर्माण कार्य के लिए 7 करोड़ 78 लाख 20 हजार रुपये की धनराशि अवमुक्त की गई है।
पुल निर्माण पूरा होने के बाद बहादुरपुर, इटैली, सेमरा चीगन, उमरिया, मरवटिया, सोनहा, मटेरा सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। मनोरमा नदी पर पुल नहीं होने या मौजूदा संपर्क व्यवस्था के कारण लोगों को आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
शासन की ओर से पुल निर्माण को मंजूरी मिलने की जानकारी के बाद क्षेत्रवासियों ने इसे लंबे समय से चली आ रही मांग की पूर्ति बताया। समाजसेवी संजीव पाण्डेय, संदीप पाण्डेय, राजीव मिश्र, विक्रांत पाण्डेय, विनोद पाण्डेय और महेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने खुशी जताते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
