भदोही
बीट बुक का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को दिए निर्देश
बंद मकानों, हिस्ट्रीशीटरों और शस्त्रधारकों के नियमित सत्यापन पर जोर
औराई, भदोही। क्षेत्राधिकारी औराई राजीव कुमार सिंह ने थाना औराई एवं चौरी के सभी बीट आरक्षियों की बीट बुक का निरीक्षण किया। इस दौरान बीट बुक में दर्ज सूचनाओं और अभिलेखों की समीक्षा कर पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सूचनाएं अपडेट रखने के निर्देश
सीओ ने बंद मकानों, हिस्ट्रीशीटरों, शस्त्रधारकों और कबाड़ियों का नियमित सत्यापन करने को कहा। साथ ही बीट क्षेत्र से संबंधित सूचनाओं और अभिलेखों को समय-समय पर अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
चोरी की घटनाओं पर नजर
चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए संवेदनशील एवं चोरी संभावित स्थानों पर प्रभावी रात्रि गश्त करने पर जोर दिया गया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में सतर्क निगरानी बनाए रखने और पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
क्षेत्राधिकारी ने कहा कि बीट पुलिसिंग को प्रभावी बनाकर स्थानीय स्तर पर अपराध की रोकथाम की जा सकती है। उन्होंने सभी बीट आरक्षियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए।
