गोरखपुर
25 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार
हर्रैया पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में था वांछित
हर्रैया, बस्ती। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हर्रैया पुलिस और बस्ती सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने यूपी गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त अमित शर्मा को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने तपसी धाम मोड़ पुलिया के पास घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध रूप से पहुंचने पर पुलिस टीम ने अमित शर्मा को पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्त भदावल कला, थाना हर्रैया का निवासी बताया गया है।
गैंगस्टर एक्ट में था वांछित
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ यूपी गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है और वह इस मामले में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
बाइक के कागजात नहीं दिखा सका
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के कब्जे से एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल मिली। वाहन के वैध कागजात और ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने मोटरसाइकिल को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया।
पुलिस ने शुरू की आगे की कार्रवाई
गिरफ्तार अभियुक्त के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई के बाद अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
