गाजीपुर
वायरिंग के दौरान करंट की चपेट में आया इलेक्ट्रीशियन, मौत
रदीपुर में काम करते समय हुआ हादसा, दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
देवकली-गाजीपुर। पियरी रामपुर मांझा थाना क्षेत्र के रदीपुर में वायरिंग का काम करते समय करंट की चपेट में आने से इलेक्ट्रीशियन हसन की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। युवक की मौत से परिवार के साथ पूरे गांव में मातम पसर गया है।
थाना प्रभारी कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने जयदेश संवाददाता पीयूष सिंह मयंक को बताया कि हसन रदीपुर में बिजली की वायरिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वह करंट की चपेट में आ गए। घटना के बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर लेकर पहुंचे।
सैदपुर में हसन की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए गाजीपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हसन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक का माहौल है। बताया गया कि हसन की शादी करीब छह वर्ष पूर्व हुई थी। वह अपने पीछे पत्नी के अलावा चार वर्षीय बेटी सकीना और दो वर्षीय बेटी आरिबा को छोड़ गए हैं।
परिजनों के मुताबिक हसन घर में सबसे बड़े थे और परिवार की जिम्मेदारी मुख्य रूप से उन्हीं के कंधों पर थी। मेहनत-मजदूरी और इलेक्ट्रीशियन का काम कर वह परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है। दो मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठने से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
