गोरखपुर
घर के बाहर खड़ी बाइक में लगाई आग, परिवार में दहशत
सिधारी गांव में देर रात की घटना, पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की
गोला बाजार, गोरखपुर। गोला थाना क्षेत्र के सिधारी गांव में शुक्रवार की देर रात घर के दरवाजे के सामने खड़ी बाइक में आग लगाए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में दहशत फैल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बाइक काफी हद तक जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
सिधारी गांव निवासी रामसजन पुत्र स्वर्गीय रामप्रीत ने गोला थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि रात करीब 1:30 बजे कुछ मनबढ़ लोग उनके घर पहुंचे। आरोप है कि घर के सामने खड़ी बाइक में आग लगाने के बाद सभी मौके से फरार हो गए। अचानक बाइक में आग लगने से परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
पीड़ित के मुताबिक घटना में बाइक जलने से आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आग लगाने वालों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद से परिवार के लोग भयभीत बताए जा रहे हैं।
इस संबंध में इंस्पेक्टर क्राइम गोला राजेश कुमार यादव ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
