गोरखपुर
हत्या के प्रयास के आरोप में दो अभियुक्त गिरफ्तार
पैसों के लेन-देन के विवाद में हुई थी मारपीट, युवक के पैर में मारी गई थी गोली
गोरखपुर। अपराधों पर अंकुश लगाने और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चौरीचौरा पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन सोनकर निवासी बालखुर्द और अनुज यादव निवासी चौरी सतहवा, थाना चौरीचौरा, गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक 2 सितंबर 2026 की रात पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने वादी के साथ मारपीट की। इसी दौरान वादी के मित्र के पैर में गोली मार दी गई। तहरीर के आधार पर थाना चौरीचौरा में मुकदमा दर्ज किया गया था। घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी स्थिति सामान्य बताई गई है।
मामले में धारा 191(2), 115(2), 109(1), 324(4), 3(5) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अमन सोनकर के खिलाफ कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जबकि अनुज यादव के खिलाफ भी विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अशोक शर्मा शामिल रहे।
