प्रयागराज
संस्था प्रधान भर्ती के नियमों में बदलाव की मांग, शिक्षक महासभा ने सौंपा ज्ञापन
प्रयागराज में अपर शिक्षा निदेशक, शिक्षा सेवा आयोग और जिलाधिकारी कार्यालय के माध्यम से शासन को भेजा गया ज्ञापन, पांच प्रमुख मांगें उठाईं
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षक महासभा की ओर से अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक संस्थाओं में संस्था प्रधान पद पर भर्ती से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने अपर शिक्षा निदेशक कार्यालय प्रयागराज, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा आयोग प्रयागराज और जिलाधिकारी प्रयागराज के माध्यम से राज्यपाल, मुख्यमंत्री, माध्यमिक शिक्षा मंत्री, अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा और शिक्षा निदेशक माध्यमिक समेत संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन भेजा।
गैर बीएड शिक्षकों को अनुभव के आधार पर अवसर
शिक्षक महासभा ने मांग की कि संस्था प्रधान पद पर भर्ती के लिए स्नातकोत्तर में 50 प्रतिशत अंकों की अनिवार्यता समाप्त की जाए। साथ ही नियमानुसार नियुक्त होकर लंबे समय से सेवा दे रहे गैर-बीएड तथा एलटी प्रशिक्षण प्राप्त प्रवक्ताओं और सहायक अध्यापकों को उनके अनुभव के आधार पर संस्था प्रधान पद पर भर्ती का अवसर दिया जाए।
बीपीएड शिक्षकों को भी मिले मौका
संगठन ने अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक संस्थाओं में प्रधानाचार्य पद की भर्ती में बीपीएड उपाधि धारक शिक्षकों को भी अवसर देने की मांग की। इसके अलावा संस्था प्रधान भर्ती में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व देने के लिए आरक्षण व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई गई।
वेतन आहरण की अवधि को माना जाए अनुभव
ज्ञापन में कहा गया कि संस्था प्रधान पद की भर्ती में अनुभव निर्धारित करते समय उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के मानकों के अनुरूप केवल कोषागार से आहरित वेतन अवधि को आधार माना जाए, ताकि पात्र शिक्षकों को भर्ती प्रक्रिया में अवसर मिल सके।
सैकड़ों शिक्षक रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार, प्रदेश महामंत्री कुंवर जीत इलाहाबादी, प्रांतीय मीडिया प्रभारी हृदय राज कपूर, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम सागर, प्रदेश कोषाध्यक्ष रामनिवास, प्रदेश संयोजक राज नारायण, जिलाध्यक्ष सुभाष गौतम, जिला महामंत्री जगदीश कुमार भारती, जिला उपाध्यक्ष राकेश कुमार आदिवासी, वरिष्ठ प्रवक्ता प्रयाग चौधरी समेत संगठन के पदाधिकारी और सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे।
