गोरखपुर
अवैध संबंध के शक में युवक की हत्या, पट्टीदार गिरफ्तार
सोते समय धारदार हथियार से सिर पर किए चार वार; पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किया
गोरखपुर। बांसगांव थाना क्षेत्र के जयंतीपुर गांव में 20 वर्षीय बीएससी छात्र कार्तिकेय मिश्र उर्फ शुभम की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, शुभम की हत्या उसके पट्टीदार संतोष मिश्रा ने अवैध संबंध होने के शक में की। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सिर पर किए चार वार
पुलिस के मुताबिक बुधवार रात शुभम घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित बरामदे में सोने गया था। गुरुवार तड़के करीब पांच बजे संतोष मिश्रा वहां पहुंचा और सो रहे शुभम के सिर पर धारदार हथियार से लगातार चार वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।
अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुआ था मुकदमा
सूचना पर पहुंची बांसगांव पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम में सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले। शुभम के चचेरे भाई विवेकानंद मिश्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
17 संदिग्धों से हुई पूछताछ
हत्या की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ शुभम के मोबाइल की कॉल डिटेल और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी खंगाली। पुलिस ने गांव और आसपास के करीब 17 संदिग्धों से पूछताछ की। जांच के दौरान संतोष मिश्रा की गतिविधियों पर पुलिस को संदेह हुआ। पूछताछ में पुलिस के अनुसार उसने हत्या की बात स्वीकार की।
शक के चलते हत्या का दावा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसे शुभम के किसी महिला से अवैध संबंध होने का शक था। इसी को लेकर वह शुभम से नाराज था। पुलिस के अनुसार इसी शक के चलते उसने हत्या की योजना बनाई और मौका पाकर शुभम पर हमला कर दिया। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया था।
हथियार बरामद, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद किया है। पुलिस के अनुसार मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
प्रेसवार्ता में दी गई जानकारी
पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पूरी ने हत्याकांड के खुलासे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। इस दौरान एएसपी/सीओ क्राइम अरुण कुमार और सीओ बांसगांव अनुज कुमार सिंह भी मौजूद रहे। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
