गोरखपुर
मिशन शक्ति के तहत बहू-बेटी सम्मेलन, महिलाओं को बताए हेल्पलाइन नंबर
बेलघाट ब्लॉक परिसर में महिला सुरक्षा और अधिकारों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम
बेलघाट/गोलाबाजार, गोरखपुर, 15 सितंबर। मिशन शक्ति अभियान के तहत विकासखंड बेलघाट के ब्लॉक परिसर में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। महिला सुरक्षा, सम्मान और आपात परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी गई।
महिला पुलिसकर्मियों ने किया जागरूक
उपनिरीक्षक दुर्विजय सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं से संवाद किया। उन्हें उत्पीड़न, घरेलू समस्याओं और अन्य परिस्थितियों में पुलिस की मदद लेने के बारे में जानकारी दी गई।
हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
महिलाओं को 1090, 108, 112 और 1076 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया। पुलिस ने कहा कि किसी भी परेशानी या आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल संबंधित हेल्पलाइन पर संपर्क कर सहायता ली जा सकती है।
अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील
कार्यक्रम में महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और सजग रहने के साथ किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
महिलाएं रहीं मौजूद
इस दौरान पंचायत सहायक ज्योति कसौधन, रागिनी, बीएलओ निर्मला मौर्य, आशा कार्यकर्ता मुन्नी देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
