भदोही
महादेव के अलौकिक स्वरूप के दर्शन कर निहाल हुए भक्त
गोपीगंज (भदोही)।हरितालिका तीज और गणेश चतुर्थी के अद्भुत संयोग पर गोपीगंज नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की कतार लगी रही और मंदिर परिसर देर रात तक हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा।
बड़े शिव का हुआ भव्य श्रृंगार
ब्रह्मांड नायक देवाधिदेव महादेव बाबा बड़े शिव के साथ बाबा तिलेश्वरनाथ और गोपेश्वरनाथ का भव्य श्रृंगार किया गया। सुगंधित पुष्पों और पंचद्रव्य से किए गए श्रृंगार में भगवान के अलौकिक स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
हर-हर बम-बम से गूंजे मंदिर
श्रृंगार के बाद दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। आरती के दौरान श्रद्धालुओं से भरा मंदिर परिसर हर-हर बम-बम के जयघोष से गूंज उठा। शंख और करतल ध्वनि के बीच पुजारी ने महाआरती संपन्न कराई।
महाप्रसाद का हुआ वितरण
महाआरती के बाद श्रद्धालुओं ने स्तुति गान किया। इसके उपरांत भक्तों में महाप्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन में पूजन समिति के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
