गोरखपुर
पहाड़पुर तिराहे पर खुला ट्रांसफार्मर हादसे को दे रहा दावत
गोलाबाजार (गोरखपुर)।स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अलीमुद्दीन खान मार्ग (धुरियापार-पकवा बाजार मार्ग) पर ग्राम पहाड़पुर के तिराहे पर बिना सुरक्षा जाली के लगा ट्रांसफार्मर हादसे का सबब बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण के बाद मार्ग की ऊंचाई और चौड़ाई बढ़ गई, जिससे ट्रांसफार्मर का चबूतरा जमीन से महज करीब दो फीट ऊंचा रह गया है।
पटरी पर आ गया ट्रांसफार्मर
सड़क चौड़ी होने के कारण ट्रांसफार्मर अब मार्ग की पटरी के पास आ गया है। इसके चारों तरफ न तो सुरक्षा जाली है और न ही बाउंड्री या बैरिकेडिंग। ऐसे में खुले ट्रांसफार्मर से बच्चों और मवेशियों को विशेष खतरा बना रहता है।
तिराहे पर वाहनों की आवाजाही
तिराहा होने के कारण यहां दिनभर वाहनों का आवागमन रहता है। मोड़ के समीप ट्रांसफार्मर लगा होने से वाहन चालकों को निकलने में परेशानी होती है और टक्कर की आशंका भी बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि किसी दुर्घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
ग्रामीणों ने की सुरक्षा की मांग
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग और पीडब्ल्यूडी से जनहित में ट्रांसफार्मर को सड़क से पीछे सुरक्षित स्थान पर करने, चबूतरे की ऊंचाई बढ़ाने तथा चारों ओर सुरक्षा जाली और बैरिकेडिंग लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम उठाकर संभावित दुर्घटना को टाला जा सकता है।
