Connect with us

गोरखपुर

‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ की होर्डिंग पर पहुंचे विधायक, ग्रामीणों को पक्की सड़क का भरोसा

Published

on

Loading...
Loading...

सोशल मीडिया से जानकारी मिलते ही अधिकारियों के साथ गांव पहुंचे चिल्लूपार विधायक, तत्काल सड़क को आवागमन योग्य बनाने के निर्देश

गोलाबाजार, गोरखपुर। गोला विकासखंड के सड़सड़ा गांव में सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों द्वारा ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ की होर्डिंग लगाकर विरोध जताने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी मिलने के बाद चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी मंगलवार को तत्काल गांव पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

अधिकारियों के साथ विधायक ने किया सड़क का निरीक्षण

विधायक राजेश त्रिपाठी उपजिलाधिकारी मनीष कुमार समेत संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान नायब तहसीलदार बालचंद, सहायक विकास अधिकारी संजय कुमार, पंचायत सचिव अच्युतानंद शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण में पता चला कि गांव में करीब एक किलोमीटर सड़क कच्ची है। बारिश के दिनों में सड़क खराब होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों ने रखी सड़क पक्की कराने की मांग

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने विधायक के सामने सड़क को पक्का कराने की मांग रखी। विधायक ने कहा कि ग्रामीणों की समस्या की जानकारी मिलते ही वह तत्काल मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क को तत्काल साफ-सुथरा कर आवागमन के योग्य बनाने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को बारिश के दौरान आने-जाने में परेशानी न हो।

फसल कटने के बाद स्थायी समाधान का भरोसा

विधायक ने बताया कि वर्तमान में खेतों में फसल लगी होने के कारण तत्काल पक्की सड़क का निर्माण संभव नहीं है। इसलिए फिलहाल सड़क को दुरुस्त कर आवागमन सुचारु कराया जा रहा है। फसल कटने के बाद सड़क के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और सड़क की समस्या को गंभीरता से लिया गया है। जल्द ही स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाया जाएगा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page