Connect with us

गोरखपुर

किशोरी से दुष्कर्म का आरोप, शटरिंग कारीगर गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

ठेकेदार पवन फरार, पुलिस टीमें कर रहीं तलाश; पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज

गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में घर में शटरिंग का काम करने आए एक कारीगर पर घर में अकेली किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी राकेश उर्फ सिकंदर राम (40) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, मामले में नामजद ठेकेदार पवन (35) घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।

घर में अकेली थी किशोरी

परिजनों के अनुसार, अगस्त महीने से उनके घर पर शटरिंग का काम चल रहा था। 25 अगस्त 2026 को ठेकेदार पवन अपने दो साथियों के साथ काम का सामान लेने घर पहुंचा था। उस समय किशोरी घर में अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान पवन के साथी राकेश ने किशोरी को कमरे में कूलर निकालने के बहाने बुलाया और उसके साथ जबरदस्ती की।

धमकाने का भी आरोप

परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने किशोरी को धमकाया। अगले दिन किशोरी ने अपनी छोटी बहन को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार को मामले का पता चला। जानकारी मिलने पर पीड़िता की मां ने 26 अगस्त को रामगढ़ताल थाने में तहरीर दी। पुलिस ने राकेश और ठेकेदार पवन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, ठेकेदार की तलाश

जांच के दौरान रामगढ़ताल पुलिस ने राकेश उर्फ सिकंदर राम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से पश्चिमी चंपारण, बिहार का रहने वाला है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।

Advertisement

वहीं, पुलिस फरार ठेकेदार पवन की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पीड़िता के मेडिकल परीक्षण और काउंसलिंग की प्रक्रिया भी जारी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page