गाजीपुर
सिधौना सिद्धनाथ धाम में धूमधाम से मनी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
भजन-कीर्तन से गूंजा मंदिर परिसर, आधी रात जन्म के साथ लगे जयकारे
सिधौना (गाजीपुर)। सिद्धनाथ धाम मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। देर रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ मंदिर परिसर जयकारों और आरती से गूंज उठा। गांव एवं आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन में शामिल हुए और भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया।

भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
कार्यक्रम की शुरुआत शाम पांच बजे भंडारे के साथ हुई, जो रात नौ बजे तक चला। गांव एवं आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। प्रसाद वितरण की जिम्मेदारी अनुराग सिंह, गोलू गोंड, विश्वास सिंह, अनुभव सिंह और सिम्पू सिंह ने संभाली। व्यवस्था की देखरेख में दीपक सिंह, विनय सिंह, विपिन सिंह और बंटी सिंह सक्रिय रहे।
छह घंटे तक चला भजन-कीर्तन
शाम छह बजे से भजन-कीर्तन का सिलसिला शुरू हुआ, जो करीब छह घंटे तक चला। दर्शन सिंह, शिवाजी मिश्र, दुर्गा सिंह, गौरव सिंह सहित अन्य कलाकारों ने भक्ति गीत और भजन प्रस्तुत किए। भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में सराबोर रहे।
रंग-बिरंगी रोशनी से सजा सिद्धनाथ धाम
मंदिर की आकर्षक साज-सज्जा में प्रदीप सिंह और विन्ध्येश्वरी सिंह का विशेष योगदान रहा। रंग-बिरंगी सजावट और रोशनी से सिद्धनाथ धाम का पूरा परिसर भक्तिमय नजर आया।
आधी रात जन्म के साथ गूंजे जयकारे
रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का शुभ क्षण आते ही मंदिर परिसर ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा। इसके बाद विधिवत आरती और पूजा-अर्चना की गई।
सामूहिक सहयोग से सफल हुआ आयोजन
आयोजन की सफलता में गांव के बच्चों, बुजुर्गों, माताओं, बहनों और अभिभावकों सहित पूरे ग्रामीण समाज का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। सामूहिक सहभागिता और आपसी सहयोग से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुआ।
