मिर्ज़ापुर
मण्डलायुक्त की सख्ती: 5 परियोजना प्रबंधकों का वेतन रोकने के निर्देश
खराब प्रगति पर नाराजगी
कानून व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और विलंबित परियोजनाओं की समीक्षा; आवासीय विद्यालयों का साप्ताहिक निरीक्षण कराने के निर्देश
मीरजापुर। विन्ध्याचल मंडल के मण्डलायुक्त राजेश प्रकाश ने पुलिस उप महानिरीक्षक पूनम के साथ शुक्रवार को जूम माध्यम से मंडल के तीनों जिलों मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही की कानून व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, राजस्व वादों, विकास योजनाओं और विलंबित परियोजनाओं की समीक्षा की। सीएम डैशबोर्ड में खराब प्रगति और परियोजनाओं में देरी पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
बैठक में लापरवाही और अनुपस्थिति पर पांच परियोजना प्रबंधकों का वेतन रोकने तथा संबंधित अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए। मीरजापुर में 23, सोनभद्र में 12 और भदोही में 10 निर्माणाधीन परियोजनाएं विलंबित मिलने पर कार्यदायी संस्थाओं को तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने की चेतावनी दी गई।
मण्डलायुक्त ने पांच वर्ष से अधिक समय से लंबित मुकदमों के थानावार निस्तारण, गंभीर अपराधों में प्रभावी पैरवी और पुलिस-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के निर्देश दिए। सड़क दुर्घटनाओं में कमी के लिए हाईवे पर अवैध पार्किंग रोकने, दुर्घटना संभावित स्थलों पर रिफ्लेक्टर व कैट आई लगाने और आवश्यकतानुसार सड़क डिजाइन में सुधार के प्रस्ताव भेजने को कहा।
उन्होंने आवासीय बालक एवं बालिका विद्यालयों का सप्ताह में एक बार वरिष्ठ अधिकारियों से निरीक्षण कराने के निर्देश भी दिए। छात्रावासों में भोजन, साफ-सफाई, राशन की गुणवत्ता और अन्य सुविधाओं की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति में सुधार, वन विभाग से प्रभावित परियोजनाओं में एनओसी मिलने के बाद तत्काल कार्य शुरू करने तथा 31 अक्टूबर तक सभी विधानसभाओं में रोजगार मेले आयोजित कराने के निर्देश दिए गए।
