भदोही
लंबित विवेचनाओं के निस्तारण पर सख्ती, एएसपी ने थानों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
सुरियावां थाने में दुर्गागंज और सुरियावां पुलिस की संयुक्त समीक्षा, कानून-व्यवस्था और आईजीआरएस मामलों पर भी हुई चर्चा
भदोही, 19 अगस्त 2026। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल की अध्यक्षता में थाना सुरियावां परिसर में थाना दुर्गागंज और सुरियावां की संयुक्त अर्दली रूम एवं समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्राधिकारी भदोही सुमित त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान दोनों थाना क्षेत्रों में दर्ज अभियोगों से संबंधित लंबित विवेचनाओं की गहन समीक्षा की गई। इसके साथ ही धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत लंबित मामलों, छिनैती, टप्पेबाजी और नकबजनी की घटनाओं के अनावरण की प्रगति पर भी चर्चा की गई।
आईजीआरएस और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
अपर पुलिस अधीक्षक ने आईजीआरएस (IGRS) और लोक शिकायत के माध्यम से प्राप्त प्रार्थना पत्रों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों और लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि मामलों की जांच में अनावश्यक देरी न हो और पीड़ितों की शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए।
कानून-व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
एएसपी शुभम अग्रवाल ने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के साथ अपराध नियंत्रण और चोरी, छिनैती व नकबजनी जैसी घटनाओं के खुलासे में तेजी लाने पर जोर दिया।
बैठक में संबंधित थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाते हुए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
