आजमगढ़
मेहनाजपुर-मेंहनगर में बिजली चोरी के खिलाफ जबरदस्त अभियान, पांच पर मुकदमा
विजिलेंस टीम की सघन चेकिंग में बाईपास से बिजली चोरी करते मिले पांच लोग, अवैध उपभोग करने वालों में मचा हड़कंप
आजमगढ़। जनपद में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए आजमगढ़ विजिलेंस टीम ने मेहनाजपुर और मेहनगर थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व विजिलेंस टीम प्रभारी उपनिरीक्षक शिवनाथ सिंह ने किया। टीम की कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया।
पांच लोग बिजली चोरी करते पकड़े गए
चेकिंग के दौरान विजिलेंस टीम ने विभिन्न स्थानों पर विद्युत कनेक्शनों और बिजली आपूर्ति की जांच की। इस दौरान पांच लोग बिना वैध कनेक्शन के अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते और बाईपास के जरिए विद्युत चोरी करते हुए पकड़े गए।
टीम की कार्रवाई के बाद संबंधित पांचों आरोपियों के विरुद्ध विद्युत चोरी के मामले में अभियोग पंजीकृत कराया गया।
स्वीकृत भार से अधिक बिजली उपयोग करने वालों की भी जांच
अभियान के दौरान कुछ उपभोक्ता ऐसे भी मिले, जो अपने स्वीकृत विद्युत भार से अधिक बिजली का उपयोग कर रहे थे। ऐसे उपभोक्ताओं के संबंध में भार वृद्धि के लिए रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को भेजी गई है।
वैध कनेक्शन लेने की अपील
विजिलेंस टीम ने उपभोक्ताओं को चेतावनी दी कि बिना वैध कनेक्शन के बिजली का उपयोग करना अथवा कनेक्शन में बाईपास कर बिजली चोरी करना कानूनन अपराध है। अधिकारियों ने लोगों से वैध विद्युत कनेक्शन लेने और स्वीकृत भार के अनुसार ही बिजली का उपयोग करने की अपील की।
टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
अभियान में अवर अभियंता मनीष कुमार, महिला हेड कांस्टेबल निधि सिंह, कांस्टेबल सुनील कुमार यादव, सुमित कुमार और सुशील गौड़ सहित विजिलेंस टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
