Connect with us

मिर्ज़ापुर

जल जीवन मिशन से बदली धनीपट्टी की तस्वीर

Published

on

Loading...
Loading...

शुद्ध पेयजल की आपूर्ति से जल संकट से मिली राहत, महिलाओं की पानी की चिंता हुई खत्म

मीरजापुर। जनपद के धनीपट्टी गांव में पानी के लिए संघर्ष अब बीते दिनों की बात हो गई है। जल जीवन मिशन के तहत यहां घर-घर पाइपलाइन से पेयजल की आपूर्ति हो रही है। ग्रामीणों के लिए घर की टोटियों से गिरने वाला पानी अब केवल जल नहीं, बल्कि राहत की धारा बन गया है। पहले जहां लोगों को पानी के लिए दूर-दूर स्थित हैंडपंपों और कुओं पर निर्भर रहना पड़ता था, वहीं अब घरों तक नियमित रूप से शुद्ध पेयजल पहुंचने से जीवन आसान हो गया है।

12 विकासखंडों के 1610 गांवों में पहुंचा जल

जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत जनपद के 12 विकासखंडों में नौ ग्राम समूह पेयजल योजनाओं के माध्यम से कुल 1610 गांवों में जल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इनमें से 1573 गांवों का प्रमाणीकरण भी किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि धनीपट्टी गांव में जल जीवन मिशन के तहत सभी 188 ग्रामीण परिवारों के घरों तक पाइपलाइन के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है। गांव के लोग लंबे समय से जल संकट की समस्या से जूझ रहे थे, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल गई है।

महिलाओं को मिली बड़ी राहत

ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजाना पानी की व्यवस्था करना सबसे बड़ी जिम्मेदारियों में शामिल था। दूर-दराज से पानी लाने में उनका काफी समय और मेहनत खर्च होती थी। घर-घर नल से जल पहुंचने के बाद अब उन्हें इस परेशानी से राहत मिली है।

Advertisement

धनीपट्टी निवासी संगीता देवी ने बताया कि पहले पानी के लिए काफी दूर जाना पड़ता था। घर के काम छोड़कर पानी लाने में समय और मेहनत दोनों लगते थे। कई बार बच्चे भी पानी की व्यवस्था में लग जाते थे, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती थी। अब घर में ही नल से पानी मिलने के कारण काफी समय बचता है और रोजमर्रा के काम आसानी से हो जाते हैं।

शुद्ध पानी से स्वास्थ्य को भी लाभ

ग्रामीण श्यामकुमारी ने बताया कि अब पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ता। घर पर ही नल से पानी मिलने से काफी सुविधा हुई है। शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की नियमित उपलब्धता से जलजनित रोगों में भी कमी आने की बात कही जा रही है। स्वच्छ पानी के उपयोग से लोगों का स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ चिकित्सा पर होने वाला खर्च भी कम हुआ है।

खत्म हुई रोजाना पानी जुटाने की चिंता

ग्रामीण शंकरदेई ने बताया कि पहले पानी की कमी के कारण विशेषकर महिलाओं को प्रतिदिन पानी की व्यवस्था की चिंता बनी रहती थी। अब घर-घर नियमित जलापूर्ति होने से यह चिंता काफी हद तक समाप्त हो गई है। इससे लोगों का मानसिक तनाव कम हुआ है और उनका जीवन अधिक सहज व सुविधाजनक बना है।

जल जीवन मिशन ने धनीपट्टी के ग्रामीणों की दिनचर्या में बड़ा बदलाव लाया है। घर की टोटियों से पहुंच रहा शुद्ध पेयजल न केवल लोगों की दैनिक जरूरतों को पूरा कर रहा है, बल्कि समय, श्रम और स्वास्थ्य के स्तर पर भी ग्रामीणों को राहत दे रहा है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page