Connect with us

मिर्ज़ापुर

कच्चा मकान गिरने से पति-पत्नी की दर्दनाक मौत

Published

on

Loading...
Loading...

रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच भरभराकर ढहा मकान, मलबे में दबे दंपति ने तोड़ा दम

मीरजापुर। पटेहरा पुलिस चौकी क्षेत्र के रजौहां गांव में बुधवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच एक कच्चा मकान भरभराकर गिर पड़ा। मकान के अंदर सो रहे दंपति मलबे में दब गए, जिससे दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया और स्वजन रो-रोकर बेहाल हैं।

खाना खाने के बाद सोने गए थे दंपति

रजौहां गांव निवासी रमाशंकर (70 वर्ष) अपनी पत्नी अशोक कुमारी (65 वर्ष) के साथ कच्चे मकान में रहते थे। बुधवार रात दोनों खाना खाने के बाद मकान के अंदर सोने चले गए। रातभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण कच्चा मकान कमजोर हो गया और देर रात अचानक भरभराकर जमींदोज हो गया।

मकान गिरते ही उसके मलबे में पति-पत्नी दोनों दब गए।

बेटे ने ग्रामीणों की मदद से हटाया मलबा

घटना के समय दंपति का बेटा अजय बगल में बने टीन शेड के नीचे सो रहा था। मकान गिरने की जानकारी होते ही वह दौड़कर मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद गांव के लोग मौके पर जुट गए और मलबा हटाने का काम शुरू किया।

Advertisement

करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में मड़िहान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

दंपति की एक साथ मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। गांव में भी इस दर्दनाक हादसे से शोक का माहौल है। लगातार बारिश के बीच कच्चे मकानों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page