मिर्ज़ापुर
सो रहे दंपति पर गिरी दीवार, पत्नी की मौत; पति गंभीर
लगातार बारिश के कारण कच्चा मकान ढहा, सुबह राहगीरों की नजर पड़ने पर हुआ हादसे का खुलासा
मीरजापुर। पटेहरा पुलिस चौकी क्षेत्र के बभनी थपनवा गांव में बुधवार की रात हुए दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच कच्चे मकान की दीवार भरभराकर सो रहे दंपति पर गिर पड़ी। हादसे में 62 वर्षीय केवला देवी की मौत हो गई, जबकि उनके पति हीरा (65 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्यूबवेल वाले मकान में सो रहे थे दंपति
बताया गया कि क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बारिश के चलते बुधवार की रात हीरा और उनकी पत्नी केवला देवी अपने ट्यूबवेल वाले कच्चे मकान में सो रहे थे। देर रात अचानक मकान का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा, जिससे दोनों दंपति मलबे के नीचे दब गए।
सुबह राहगीरों ने देखा, शुरू हुआ बचाव कार्य
रातभर दोनों मलबे के नीचे दबे रहे। सुबह जब राहगीरों की नजर गिरे हुए मकान पर पड़ी तो उन्होंने आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया।
हालांकि, जब तक मलबा हटाकर केवला देवी को बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं गंभीर रूप से घायल हीरा को तत्काल उपचार के लिए मड़िहान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
अस्पताल में चल रहा पति का इलाज
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हीरा का उपचार चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों में भी हादसे को लेकर शोक का माहौल है।
लगातार हो रही बारिश के कारण कच्चे और जर्जर मकानों की स्थिति को लेकर क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है।
