Connect with us

भदोही

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड रैंकिंग सुधारने के निर्देश

Published

on

Loading...
Loading...

बी, सी और डी श्रेणी के विभागों को ए ग्रेड में लाने पर जोर

फैमिली आईडी निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर डीएम ने दिखाई सख्ती

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं और मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, निर्माण कार्यों और विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को रैंकिंग सुधारने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

बी, सी और डी श्रेणी के विभागों को ए ग्रेड में लाने के निर्देश

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बी, सी और डी श्रेणी में शामिल विभागों के अधिकारियों को अपनी कार्यप्रणाली और योजनाओं की प्रगति में सुधार करते हुए ए श्रेणी में आने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रैंकिंग में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर संबंधित विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

फैमिली आईडी निर्माण में धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

फैमिली आईडी निर्माण की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

सीएचसी अभोली निर्माण की धीमी प्रगति पर नोटिस के निर्देश

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अभोली के निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान भी अपेक्षित प्रगति नहीं मिली। इस पर जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण निगम, सोनभद्र के प्रोजेक्ट मैनेजर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन परियोजनाओं की जांच के लिए गठित टीमों की जांच रिपोर्ट प्रत्येक माह संकलित कर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को उपलब्ध कराने तथा 15 दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पर्यटन अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश

पर्यटन विभाग की प्रगति अपेक्षित स्तर पर न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारी को पर्यटन अधिकारी बृजेश यादव का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को चेतावनी दी कि योजनाओं की प्रगति में तत्काल सुधार लाया जाए।

सड़क और सेतु निर्माण में तेजी लाने की चेतावनी

सेतु निर्माण और नवीन सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयावधि में निर्माण कार्यों की प्रगति में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

आवास योजनाओं में केवल पात्रों को मिले लाभ

प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ केवल पात्र लाभार्थियों को ही दिया जाए। यदि किसी स्तर पर अपात्र व्यक्ति का चयन पाया जाता है तो उससे नियमानुसार धनराशि की वसूली की जाए। इस मामले में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित खंड विकास अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

बारिश के मौसम में गौशालाओं की होगी नियमित जांच

वर्षा ऋतु को देखते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को जिले की सभी गौशालाओं का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में आवश्यक सुविधाएं और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। किसी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

गुणवत्ता और मानक से नहीं होगा समझौता

जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा, मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप पूरी कराई जाएं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और कमी मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व शुभांगी शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अनिल कुमार सिंह, जिला आबकारी अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page