गोरखपुर
घर में घुसकर महिला से मारपीट का आरोप, मुकदमा दर्ज
बच्चे के शौच फेंकने के विवाद में हुई घटना, पुलिस ने शुरू की जांच
हरपुर-बुदहट (गोरखपुर)। हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव में बच्चे के शौच फेंकने को लेकर हुए विवाद में एक महिला के साथ घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पकड़ी गांव निवासी नीलम साहनी, पत्नी राजन साहनी, ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि 4 अगस्त की सुबह करीब 7:30 बजे गांव के ही जितेंद्र, पुत्र बृजेश, बच्चे के शौच फेंकने की बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए उनके घर में घुस आया और मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने जान-माल की धमकी भी दी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 333, 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
