गाजीपुर
जल शक्ति मंत्री के निर्देश पर सिधौना पहुंचे एई, जल जीवन मिशन के कार्यों का किया निरीक्षण
गली-गली घूमकर परखी पाइपलाइन बिछाने की प्रगति, छूटे क्षेत्रों में शीघ्र कार्य पूरा करने के निर्देश
क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और हर घर तक जल कनेक्शन सुनिश्चित करने पर दिया जोर
सिधौना (गाजीपुर)। जल शक्ति मंत्री के निर्देश पर जलकल विभाग के सहायक अभियंता (एई) शशिपाल यादव ने सोमवार को ग्राम पंचायत सिधौना पहुंचकर जल जीवन मिशन के तहत बिछाई जा रही पाइपलाइन का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने गांव की विभिन्न गलियों और मोहल्लों का भ्रमण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ग्रामीणों की शिकायत पर हुआ निरीक्षण
बताया गया कि ग्राम पंचायत के निवासी उपेंद्र मिश्र ‘पप्पू’ ने गांव में पाइपलाइन कार्य की स्थिति और ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत कराते हुए जल शक्ति मंत्री को ई-मेल भेजा था। इसके बाद मंत्री कार्यालय से संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण के निर्देश दिए गए, जिसके क्रम में एई शशिपाल यादव स्वयं गांव पहुंचे।
छूटे क्षेत्रों में प्राथमिकता से बिछेगी पाइपलाइन
निरीक्षण के दौरान एई ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर अभी तक पाइपलाइन नहीं बिछाई गई है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूरा कराया जाए, ताकि सरकार की ‘हर घर नल से जल’ योजना का लाभ प्रत्येक परिवार तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र परिवार को योजना से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
क्षतिग्रस्त सड़कें होंगी पूर्ववत
सहायक अभियंता ने यह भी निर्देश दिया कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान जहां सड़क, खड़ंजा या इंटरलॉकिंग क्षतिग्रस्त हुई है, वहां कार्य पूरा होने के बाद उसे पूर्ववत कराया जाए। उन्होंने बताया कि घर-घर जल कनेक्शन के अलावा गांव के पांच से दस सार्वजनिक स्थलों पर भी पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे आम लोगों और राहगीरों को भी सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के ठेकेदार निखिल सिंह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दयाशंकर सिंह ‘दयालू’, उपेंद्र मिश्र ‘पप्पू’, रामानंद सिंह ‘मुन्ना’, विन्धेश्वरी सिंह, कुंदन सिंह, जितेंद्र सिंह, बबलू गौड़, संदीप गौड़ सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने शेष क्षेत्रों में शीघ्र पाइपलाइन पहुंचाने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और योजना का लाभ प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने पर चर्चा की।
