Connect with us

गाजीपुर

महेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ा आस्था का सैलाब

Published

on

Loading...
Loading...

पहले सावन सोमवार पर बलुआ घाट से कांवरियों ने भरा गंगाजल, शिवभक्ति में सराबोर दिखा जमानियां

‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा क्षेत्र, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

जमानियां (गाजीपुर)। सावन माह के पहले सोमवार पर तहसील क्षेत्र के महेवा स्थित महेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही नगर के बलुआ घाट पर गंगाजल लेने के लिए शिवभक्तों और कांवरियों की लंबी कतारें लगी रहीं। पूरे क्षेत्र में ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय शिव शंभू’ के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा।

डीजे और शिव भजनों पर झूमे श्रद्धालु

गंगा तट पर पहुंचे श्रद्धालु डीजे की धुन और शिव भजनों पर झूमते नजर आए। कांवरियों में जलाभिषेक को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। गंगाजल लेकर श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए महेश्वरनाथ मंदिर की ओर रवाना हुए।

श्रद्धालुओं के लिए किए गए विशेष प्रबंध

श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर स्वागत, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। मंदिर परिसर और जलाभिषेक मार्ग पर भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए, जिससे दर्शन-पूजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

Advertisement

पुलिस रही पूरी तरह मुस्तैद

सावन के पहले सोमवार को सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। प्रमुख मार्गों, बलुआ घाट और मंदिर परिसर में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन की निगरानी में श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से जलाभिषेक किया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page