गाजीपुर
पुलिस मुठभेड़ में अंतरजनपदीय हिस्ट्रीशीटर लुटेरा व साथी गिरफ्तार
गहमर पुलिस की कार्रवाई में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल, लूट की नकदी, जेवर, मोबाइल, अवैध तमंचे और चोरी की बाइक बरामद
गाजीपुर। गहमर थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान अंतरजनपदीय हिस्ट्रीशीटर लुटेरे सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी और उसके साथी समीम शाह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उनके कब्जे से लूट की नकदी, सोने का लाकेट, पांच मोबाइल फोन, चोरी की मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।

लूट और रंगदारी के मामलों में थी तलाश
पुलिस के मुताबिक 29 जुलाई को नवली निवासी मेराज कुरैशी से मारपीट कर 60 हजार रुपये और सोने की चेन लूटने तथा कामाख्या धाम स्थित मैरिज हॉल संचालक से फोन पर रंगदारी मांगने के मामलों में गहमर थाने में मुकदमे दर्ज किए गए थे। दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
शनिवार देर रात मुखबिर की सूचना पर रेवतीपुर बॉर्डर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर सुधीर पासी और उसके साथी समीम शाह के पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
नकदी, जेवर, हथियार और चोरी की बाइक बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 90,620 रुपये नकद, सोने का लाकेट, पांच मोबाइल फोन, चोरी की हंटर मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे तथा कई जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल और बाइक विभिन्न जनपदों में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित बताए जा रहे हैं।
हिस्ट्रीशीटर पर दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर सुधीर पासी के खिलाफ गाजीपुर, मऊ, सुल्तानपुर और आजमगढ़ सहित विभिन्न जनपदों में लूट, चोरी, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर और अन्य गंभीर धाराओं में तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
