गाजीपुर
मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत गाजीपुर पुलिस का जागरूकता अभियान
संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त, एंटी रोमियो टीम ने चलाया विशेष चेकिंग अभियान
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ अभियान के तहत रविवार को जनपद गाजीपुर में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर लोगों को महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी।

एंटी रोमियो टीम ने की सघन चेकिंग
अभियान के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीम ने स्कूल, कॉलेज, बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शोहदों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई भी की।

महिला सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या महिला संबंधी अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस का कहना है कि महिला सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
