गाजीपुर
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 175 पौधों का हुआ वृक्षारोपण
मां पार्वती जन सेवा ट्रस्ट ने विद्यार्थियों को दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सादात (गाजीपुर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मां पार्वती जन सेवा ट्रस्ट की ओर से शनिवार को वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का आयोजन किया गया। विकास खंड सादात के पूर्व माध्यमिक विद्यालय डोरा एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय परिसर में 175 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

विद्यार्थियों को बताया वृक्षों का महत्व
ट्रस्ट के अध्यक्ष मनीष कुमार ने छात्र-छात्राओं को वृक्षों के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन का आधार हैं। वृक्ष शुद्ध ऑक्सीजन, फल, छाया, औषधियां और लकड़ी प्रदान करते हैं। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।
पौधों की देखभाल का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने की अपील की गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने भी अभियान में सक्रिय सहयोग किया।

कई लोगों ने किया पौधारोपण
वृक्षारोपण कार्यक्रम में संजय कुमार भास्कर, मंजेश बिंद, बृहस्पति पासवान, अनिल यादव, अजय, भोनू, रामबिलास, सरिता गुप्ता, सुमन भारती, गीता पासवान और दुर्गा देवी सहित अनेक लोगों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सामाजिक अभियानों को जारी रखने का संकल्प
मां पार्वती जन सेवा ट्रस्ट ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता से जुड़े ऐसे सामाजिक अभियानों को निरंतर संचालित करने का संकल्प व्यक्त किया।
