गोरखपुर
व्यापार मंडल के अल्टीमेटम के बाद दर्ज हुआ चोरी का मुकदमा
छह दिन बाद हरकत में आई पुलिस, सीओ ने घटनास्थल का किया निरीक्षण; दूसरी चोरी में 17 दिन बाद भी एफआईआर नहीं
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला कस्बे के गौशाला मोहल्ले में लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने घटना के छह दिन बाद मुकदमा दर्ज किया है। व्यापार मंडल द्वारा ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग और आंदोलन की चेतावनी के बाद पुलिस सक्रिय हुई। शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी (सीओ) गोला दरवेश कुमार ने पीड़ित के घर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जल्द खुलासे का भरोसा दिया।
पीड़ित राजकुमार कसौधन ने बताया कि वह 20 जुलाई को परिवार के साथ खाटूश्याम बालाजी दर्शन के लिए गए थे। 24 जुलाई को पड़ोसियों ने घर का सीढ़ी वाला दरवाजा टूटा होने की सूचना दी। घर पहुंचने पर कमरे का ताला टूटा मिला और अलमारी से सोने के जेवरात, मंगलसूत्र, चांदी के सिक्के तथा करीब 1.30 लाख रुपये नकद गायब मिले। घटना की सूचना 25 जुलाई को पुलिस को दी गई थी, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं होने से व्यापारी वर्ग में नाराजगी थी।
इसके बाद व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी सी.पी. पाण्डेय और सीओ गोला को ज्ञापन सौंपकर तत्काल एफआईआर दर्ज करने और चोरी का खुलासा करने की मांग की। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शुक्रवार को सीओ ने मौके पर पहुंचकर टूटे दरवाजे, कमरे और अलमारी का निरीक्षण किया तथा जल्द खुलासे का आश्वासन दिया।
इधर, गोला के बेवरी चौराहे पर 13 जुलाई की रात व्यापारी प्रभुनाथ की चाय की दुकान में हुई चोरी का मामला अब भी अधर में है। चोर दुकान का ताला तोड़कर करीब 50 हजार रुपये नकद और सीसीटीवी का डीवीआर उठा ले गए थे। पीड़ित ने 14 जुलाई को तहरीर दी थी, लेकिन 17 दिन बीतने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसे लेकर व्यापारियों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी और असुरक्षा की भावना बनी हुई है।
