गोरखपुर
नेशनल कराटे चैंपियनशिप में गोरखपुर का दम
एक स्वर्ण व तीन रजत पदक पर कब्जा
कोच चंद्र प्रकाश मौर्य ने भी जीता रजत पदक, जापान में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई
गोरखपुर। नेशनल कराटे चैंपियनशिप में गोरखपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में एक स्वर्ण और तीन रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने वाले कराटे कोच चंद्र प्रकाश मौर्य ने भी प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर अपनी क्षमता का परिचय दिया और जापान में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।
प्रतियोगिता में ईशु पासवान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपने सभी मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज की और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वहीं वंशिका पांडेय, कंचन यादव और इशिका पासवान ने भी कड़े मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किए।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से गोरखपुर के खेल जगत में खुशी का माहौल है। एक साथ चार खिलाड़ियों के पदक जीतने से जिले में कराटे के प्रति युवाओं का उत्साह भी बढ़ा है। खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय उनके कठिन परिश्रम के साथ-साथ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को भी दिया जा रहा है।
कोच चंद्र प्रकाश मौर्य ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आने वाले समय में गोरखपुर के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगे। जापान में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उनका चयन जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
