Connect with us

गोरखपुर

अधिवक्ताओं के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे सीएम योगी

Published

on

Loading...
Loading...

दो दिवसीय दौरे पर आज आएंगे गोरखपुर

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को दो दिवसीय गोरखपुर दौरे पर पहुंचेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम करीब 4 बजे गोरखपुर पहुंचेंगे और सबसे पहले दीवानी कचहरी परिसर में आयोजित सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के परिचय एवं शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नव निर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शपथ दिलाएंगे। इसके बाद वह अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए उनका मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम को लेकर अधिवक्ता समाज में उत्साह का माहौल है।

समारोह के बाद मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर जाएंगे। वहां वह गुरु गोरखनाथ की पूजा-अर्चना करेंगे और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके साथ ही मंदिर परिसर में चल रही रामकथा के समापन सत्र में भी शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री बुधवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव में भाग लेंगे। इस अवसर पर वह परंपरा के अनुसार गुरु गोरखनाथ की पूजा-अर्चना करेंगे और गुरु एवं शिष्य दोनों भूमिकाओं में नजर आएंगे।

Advertisement

सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उमापति उपाध्याय और मंत्री अनुज अस्थाना ने बताया कि समारोह के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष अधिवक्ताओं की कई महत्वपूर्ण मांगें रखी जाएंगी। इनमें दीवानी और कलेक्ट्रेट कचहरी को शहर से बाहर स्थानांतरित नहीं करने, अधिवक्ताओं के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा, शासकीय अधिवक्ताओं के वेतन में वृद्धि और वरिष्ठ अधिवक्ताओं के लिए पेंशन व्यवस्था लागू करने जैसी मांगें प्रमुख हैं।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रखने की योजना बनाई गई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page