गोरखपुर
उरुवा बाजार पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
चोरी के आभूषण और 4,100 रुपये बरामद, दोस्ती का फायदा उठाकर घर में की थी वारदात
गोरखपुर। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत उरुवा बाजार पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के आभूषण और 4,100 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोला के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक उरुवा बाजार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए थाना उरुवा बाजार में दर्ज मुकदमा संख्या 188/2026, धारा 305(ए) भारतीय न्याय संहिता से संबंधित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
दोस्ती का फायदा उठाकर घर से उड़ाए थे आभूषण और नकदी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वादी के पुत्र से दोस्ती कर उसके घर में प्रवेश किया और मौका पाकर घर से आभूषण एवं 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें—
- समीर पासवान पुत्र मुन्ना, निवासी अमोढ़ा, थाना उरुवा बाजार
- विवेक चौहान पुत्र बलिराम, निवासी चचाईराम, थाना उरुवा बाजार
- रिंकू चौहान पुत्र अच्छेलाल, निवासी चचाईराम, थाना उरुवा बाजार
- करन चौहान पुत्र बृजेश, निवासी घुचियारी, थाना सिकरीगंज
शामिल हैं।
मुकदमे में बढ़ाई गई धारा
पुलिस ने बताया कि बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
