गाजीपुर
रात्रिकालीन बिजली कटौती से नंदगंज के उपभोक्ता परेशान
उमस भरी गर्मी में रात की बिजली कटौती पर लोगों में नाराजगी, दिन में शटडाउन करने की मांग
महिलाएं, बुजुर्ग और बीमार सबसे अधिक प्रभावित, विभाग से व्यवस्था में बदलाव की अपील
नंदगंज (गाजीपुर)। नंदगंज विद्युत उपकेंद्र से रात्रिकालीन बिजली कटौती को लेकर क्षेत्र के उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि दिनभर के कामकाज के बाद रात में आराम के समय बिजली आपूर्ति बाधित होने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उमस भरी गर्मी के बीच एक से दो घंटे तक होने वाली कटौती से लोगों की नींद और दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
स्थानीय उपभोक्ताओं के अनुसार, पिछले तीन-चार दिनों से क्षेत्र में भीषण उमस और गर्मी का दौर जारी है। ऐसे में रात के समय बिजली गुल होने से सबसे अधिक दिक्कत महिलाओं, छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को हो रही है। लोगों का कहना है कि दिनभर घरेलू कार्यों के बाद रात में आराम का समय मिलता है, लेकिन बिजली कटने से पूरी रात परेशानी झेलनी पड़ती है।
क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि यदि तकनीकी या अन्य कारणों से बिजली कटौती आवश्यक हो तो इसे दिन या शाम के समय किया जाए, ताकि रात में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। उनका कहना है कि जनहित को देखते हुए विभाग को रात्रिकालीन कटौती की व्यवस्था पर पुनर्विचार करना चाहिए।
