Connect with us

गाजीपुर

तीन साल बाद भी शौचालय की दूसरी किस्त नहीं, वृद्ध लाभार्थी ने लगाए लापरवाही के आरोप

Published

on

Loading...
Loading...

झोटना गांव के लाभार्थी का दावा—पहली किस्त मिलने के बाद निजी खर्च से कराया निर्माण, भुगतान के लिए वर्षों से लगा रहे चक्कर

ब्लॉक और जिला पंचायत राज कार्यालय में कई बार गुहार लगाने का दावा, भुगतान न होने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

जखनिया (गाजीपुर)। स्वच्छ भारत मिशन के तहत पात्र परिवारों को शौचालय निर्माण के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की योजना के बीच जखनिया ब्लॉक के ग्राम झोटना से एक लाभार्थी द्वारा दूसरी किस्त का भुगतान लंबित होने का मामला सामने आया है। गांव निवासी एक वृद्ध ने आरोप लगाया है कि शौचालय का निर्माण पूरा होने के बावजूद तीन वर्षों से उन्हें दूसरी किस्त नहीं मिली है।

पहली किस्त के बाद निजी धन से कराया निर्माण

ग्राम झोटना निवासी चंद्रभान सिंह पुत्र परमहंस सिंह का दावा है कि वर्ष 2023 में शौचालय निर्माण के लिए उनके खाते में पहली किस्त के रूप में ₹6,000 प्राप्त हुए थे। इसके बाद अधिकारियों के आश्वासन पर उन्होंने अपनी निजी धनराशि लगाकर शौचालय का निर्माण पूरा करा लिया, लेकिन शेष किस्त अब तक उनके खाते में नहीं भेजी गई।

अधिकारियों से कई बार संपर्क करने का दावा

करीब 75 वर्षीय चंद्रभान सिंह का कहना है कि उन्होंने कई बार जखनिया ब्लॉक कार्यालय तथा जिला पंचायत राज अधिकारी, गाजीपुर से संपर्क किया। उनके अनुसार, हर बार जल्द भुगतान का आश्वासन दिया गया, लेकिन तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी दूसरी किस्त जारी नहीं की गई।

Advertisement

भुगतान न होने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

लाभार्थी का आरोप है कि विभागीय उदासीनता के कारण उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र बकाया धनराशि का भुगतान नहीं किया गया तो वे उपभोक्ता फोरम सहित अन्य सक्षम मंचों पर न्याय की मांग करेंगे और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कराने का प्रयास करेंगे।

प्रशासन की कार्रवाई पर नजर

स्वच्छ भारत मिशन के तहत लंबित भुगतान के इस मामले में अब यह देखना होगा कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग क्या कार्रवाई करते हैं तथा लाभार्थी को उसकी बकाया राशि कब तक उपलब्ध कराई जाती है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page